ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : थाना रामपुर कलां क्षेत्र के एक गांव निवासी एवं भाजपा महमूदाबाद देहात मंडल के महामंत्री ने गांव के कुछ लोगों पर शादी समारोह के दौरान मारपीट, गाली-गलौज और नकदी छीनने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि वह एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की।
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और उनके पास रखी नकदी भी छीन ली। घटना के बाद उन्होंने थाना रामपुर कलां में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बाद भी आरोपी पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दे रहा है, जिससे परिवार के लोग दहशत के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
इसी बीच पीड़ित ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन से न्याय की अपील की है। वीडियो में वह भावुक होकर कहते दिखाई दे रहे हैं कि यदि उनकी शिकायत पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।
