ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना सदरपुर क्षेत्र के रसूलाबाद गांव में शनिवार सुबह एक नवविवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान 22 वर्षीय रोहनी देवी पत्नी अमित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका मायका जहांगीराबाद इलाके के मामसेंपुर गांव में था। करीब एक वर्ष पूर्व, 6 अप्रैल 2025 को उनका विवाह रसूलाबाद निवासी अमित कश्यप पुत्र केशवराम के साथ हुआ था।
शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में रोहणी देवी का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मामले को लेकर मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि रोहणी की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, सूचना पर पहुंची सदरपुर पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा ने बताया कि फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
