संभावित बाढ़ को लेकर महमूदाबाद तहसील प्रशासन अलर्ट, महमूदाबाद के अखरी गांव में तैयारियों का किया गया निरीक्षण

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद क्षेत्र के रामपुर मथुरा इलाके में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तहसील महमूदाबाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को तहसील क्षेत्र के विकास खंड रामपुर मथुरा अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम अखरी में बाढ़ से निपटने की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद, उपजिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार महमूदाबाद तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा की गई बाढ़ संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।

अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।

समीक्षा के बाद अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन एवं प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियां तत्काल पूर्ण कर ली जाएं,

ताकि संभावित बाढ़ के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तहसील स्तर पर सभी संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर बाढ़ प्रभावित एवं अति संवेदनशील गांवों की नियमित निगरानी की जा रही है।

साथ ही राहत एवं बचाव व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है, जिससे किसी भी संभावित आपदा का समय रहते प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *