महमूदाबाद नगर पालिका परिषद के ईओ पवन किशोर की पहल से जलभराव की समस्या का समाधान कार्य की शुरुआत

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर में लंबे समय से नालियों और नालों की नियमित सफाई न होने के कारण विभिन्न मोहल्लों के साथ-साथ मुक्तिधाम में भी जलभराव की समस्या बनी रहती थी। बरसात के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती थी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अधिशाषी अधिकारी पवन किशोर के निर्देशन में पेतेपुर रोड, मोतीपुर चौराहा एवं गुलरामऊ के पास नालों की सफाई कराई गई। साथ ही जल निकासी को सुचारु बनाने के उद्देश्य से क्रॉस नाला निर्माण का कार्य भी शुरू कराया गया।

अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि क्रॉस नाला बनने के बाद बरसात का पानी सीधे खार्जा में निकलेगा, जिससे नगर और मुक्तिधाम में जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

इस दौरान नगर पालिका परिषद के समस्त कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और सफाई एवं निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने में जुटे रहे। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *