ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद क्षेत्र के विकासखंड रामपुर मथुरा की ग्राम पंचायत सेमरी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल परियोजना का लोकार्पण प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने परियोजना का निरीक्षण किया, टंकी परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, महमूदाबाद भाजपा विधायक आशा मौर्य, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पवन सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ज्ञानेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत सचिव विक्रांत बहादुर पाल, जल जीवन मिशन के जूनियर इंजीनियर, अन्य अभियंताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गांव की महिलाओं से बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें प्रतिदिन कितनी बार पानी की आपूर्ति मिलती है। महिलाओं ने बताया कि गांव में दिन में तीन बार नियमित जलापूर्ति की जा रही है। इस पर मंत्री ने कहा कि विभागीय व्यवस्था के अनुसार सामान्यतः दिन में दो बार जलापूर्ति का प्रावधान है, लेकिन भीषण गर्मी और स्थानीय आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त जलापूर्ति किया जाना सराहनीय है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति नियमित, सुचारु और निर्बाध बनी रहे। यदि कहीं भी जलापूर्ति संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। प्रदेश सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे हर घर तक नल से शुद्ध जल उपलब्ध कराया जा सके।
