खबर का असर: टूटा विद्युत पोल बदला, लेकिन लटकती एलटी लाइन अब भी बनी खतरा , राहगीरों ने सही कराने की रखी मांग

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद-सिधौली मुख्य मार्ग स्थित सिरौली चौराहे पर बाबा कुटी के सामने बिजली व्यवस्था में लापरवाही अब भी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। 13 जून 2026 को प्रकाशित समाचार के बाद संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए टूटे हुए विद्युत पोल को बदलकर नया पोल तो लगवा दिया, लेकिन एलटी (लो टेंशन) लाइन के तारों को नए पोल से जोड़ने के बजाय अब भी नीचे लटकता छोड़ दिया गया है।

बताया जा रहा है कि सिरौली चौराहा क्षेत्र में केवल यही एक स्थान नहीं है, बल्कि कई अन्य विद्युत पोलों पर भी एलटी लाइन के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। ऐसे में राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। बरसात के मौसम में यह स्थिति और भी अधिक खतरनाक हो सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने आधा-अधूरा कार्य कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली है। यदि समय रहते लटकते तारों को सुरक्षित तरीके से नए पोल पर नहीं बांधा गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि नए पोल पर एलटी लाइन को तत्काल व्यवस्थित रूप से स्थापित कराया जाए तथा सिरौली चौराहे सहित आसपास के सभी झूलते तारों और जर्जर पोलों की भी जांच कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *