ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: तहसील सिधौली में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं का अधिकारियों ने मौके पर ही परीक्षण किया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण का समाधान तथ्यों के आधार पर करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौजूद रहकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण कराया जाएगा, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
