आईजी लखनऊ रेंज और एसपी सीतापुर ने नैमिषारण्य क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना नैमिषारण्य क्षेत्र में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने वहां के थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा समेत भारी पुलिस बल के साथ पवित्र तीर्थस्थल नैमिषारण्य क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख कांवड़ मार्गों पर यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन, विश्राम स्थलों, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, सतत निगरानी और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करें। किसी भी आपात स्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *