ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : थानगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजापुर गांव में कन्हैया बारी के घर के पास 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक डीजे वाहन में आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीजे वाहन कांवड़ यात्रा के लिए जल भरने के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से क्षेत्र में घूम रहा था। इसी दौरान वाहन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट दौड़ते ही वाहन में आग लग गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया।
हादसे में डीजे मालिक संतोष (28 वर्ष) पुत्र सुरेश निवासी पासिंग पुरवा तथा वाहन चालक गुड्डू (40 वर्ष) पुत्र राजवंत निवासी सीपतपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनीत (18 वर्ष) पुत्र राजाराम निवासी राजापुर तथा मिथिलेश दीक्षित पुत्र लालता प्रसाद निवासी राजपुर क्यौटाना गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक कांवड़िया नहीं थे। वे डीजे वाहन से कांवड़ यात्रा के लिए जल भरने का प्रचार-प्रसार कर रहे थे। इसी दौरान डीजे वाहन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है तथा दो अन्य घायल हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौके पर स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा मानकों के पालन और सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर करता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
