ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट (IFWJ) से संबद्ध यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन की महमूदाबाद तहसील इकाई का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को स्थानीय फौजी रेस्टोरेंट में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रशासन, न्यायपालिका, शिक्षा, चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ बड़ी संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता कर संगठन की एकजुटता और पत्रकार हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज की छात्राओं गायत्री गुप्ता, संजना वर्मा एवं प्रिया वर्मा ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रभावित होकर इकाई अध्यक्ष अनुज कुमार जैन ने तीनों छात्राओं को ₹500-₹500 का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जितेंद्र वर्मा एवं इरफान मंसूरी ने संयुक्त रूप से किया।
जिला महामंत्री सुनील वर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए सदैव संघर्षरत रहने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी, विशिष्ट अतिथि सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा, नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अधिशासी अधिकारी पवन किशोर मौर्य तथा इकाई अध्यक्ष अनुज कुमार जैन ने संयुक्त रूप से नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्य अतिथि एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते पत्रकार समाज और शासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं। निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। उन्होंने प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. आशीष वर्मा एवं पवन किशोर मौर्य ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाते हैं। पत्रकारों की निष्पक्ष भूमिका लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करती है और उनके सम्मान एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
कार्यक्रम को तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ब्रजेंद्र सहाय, प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह, समाजसेवी चक्र सुदर्शन पाण्डेय एवं जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्रता और संगठनात्मक एकता को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि संगठित पत्रकार ही अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकते हैं।
समारोह के अंत में अतिथियों, पत्रकारों एवं उपस्थित जनों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में फौजी रेस्टोरेंट के प्रबंधक सी.वी. गुप्ता का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए संगठन ने उनका आभार व्यक्त किया।
अंत में महमूदाबाद इकाई के अध्यक्ष अनुज कुमार जैन एवं महामंत्री रामनिवास गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकार साथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन भविष्य में पत्रकारों के मान-सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों तथा निष्पक्ष पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
