गुमटी में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथौड़ी और 16 शैंपू के पाउच बरामद , पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजा

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: कोतवाली महमूदाबाद पुलिस ने गुमटी में चोरी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान एवं घटना में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली महमूदाबाद में दर्ज मु.अ.सं. 300/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त दयाराम पुत्र जंगली, निवासी इचौली, थाना महमूदाबाद, जनपद सीतापुर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने 4 अगस्त 2026 की रात एक आवेदक की गुमटी में चोरी करने का प्रयास किया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक हथौड़ी तथा चोरी किए गए क्लीनिक प्लस (Clinic Plus) शैंपू के 16 पाउच बरामद किए।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की। इसके बाद अभियुक्त का चालान कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

कोतवाली महमूदाबाद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *