ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को गुरुवार को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली। गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) प्रणाली से लैस अत्याधुनिक एंबुलेंस का शुभारंभ डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) डॉ. विकास मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर सीएचसी महमूदाबाद के अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार सिंह सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि नई एएलएस एंबुलेंस गंभीर मरीजों के लिए चलते-फिरते आईसीयू (मोबाइल आईसीयू) की तरह कार्य करेगी। सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और अन्य गंभीर आपात स्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान ही आवश्यक जीवन रक्षक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे मरीजों की जान बचाने की संभावना और अधिक बढ़ जाएगी।
उन्होंने बताया कि एंबुलेंस में पोर्टेबल वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, अत्याधुनिक मल्टीपारा मॉनिटर, सक्शन मशीन, इमरजेंसी दवाएं तथा अन्य आधुनिक जीवन रक्षक उपकरण लगाए गए हैं। इन उपकरणों की सहायता से मरीज की हृदय गति, रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर सहित अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक संकेतों की लगातार निगरानी की जा सकेगी। इसके अलावा एंबुलेंस में प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ और नर्स तैनात रहेंगे, जो आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करेंगे।
डिप्टी सीएमओ डॉ. विकास मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई एएलएस एंबुलेंस के संचालन से गंभीर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के साथ सुरक्षित रूप से उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाया जा सकेगा, जिससे उपचार में होने वाली देरी कम होगी और जीवन रक्षा की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि यह एंबुलेंस महमूदाबाद ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगी। इसके संचालन से क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा मरीजों को निःशुल्क, त्वरित और आधुनिक चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।
नई एएलएस एंबुलेंस के शुभारंभ के साथ ही महमूदाबाद क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है, जिससे आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
