ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र की सिरौली पुलिस चौकी अंतर्गत विश्वकर्मा पेट्रोलियम, भेथरा माधव के पास महमूदाबाद–सिधौली मुख्य मार्ग पर बुधवार को देर रात में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के महमदपुर मजरा तुरसेना गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र सत्यवान अपनी मोटरसाइकिल (यूपी 32 सीई 3386) से किसी निजी कार्य से घर लौट रहे थे। इसी दौरान विश्वकर्मा पेट्रोलियम के पास तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अनिल कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल सिरौली पुलिस चौकी और 108 एंबुलेंस सेवा को दी। सूचना मिलते ही सिरौली पुलिस चौकी प्रभारी फूल चंद्र सरोज तथा कांस्टेबल आशीष कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद भिजवाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद उसके चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
