ई-रिक्शा चालक से मारपीट, लोहे की रॉड से हमला किए जाने का आरोप सिर में आई गंभीर चोट, पुलिस से कार्रवाई की मांग

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक के साथ किराए के विवाद को लेकर मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना रामपुर कलां क्षेत्र के सैर गांव निवासी हरिश चन्द्र पुत्र तुलसी राम ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पीड़ित के अनुसार, बुधवार की शाम करीब 7 बजे वह महमूदाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिरौली पुलिस चौकी से आगे कांसा मोड़ चौराहे पर तीन युवक एक गैस सिलेंडर के साथ उनके ई-रिक्शा में सवार हुए और कांसा चलने को कहा।

पीड़ित का आरोप है कि कांसा पहुंचने के बाद जब उन्होंने किराया मांगा तो खुशी राम पुत्र अज्ञात तथा उसके दो अन्य अज्ञात साथियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट और लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने ई-रिक्शा को भी कांसा मोड़ चौराहे पर पलट दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद घायल चालक किसी तरह कोतवाली महमूदाबाद पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को लिखित तहरीर के माध्यम से दी।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *