ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना सदरपुर क्षेत्र के सेमरी में पारिवारिक विवाद के दौरान एक दंपती के साथ कथित रूप से लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया। बुधवार को पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
मामला सेमरी गांव निवासी राकेश गुप्ता और उनकी पत्नी निशा से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते दंपती को घर से बाहर कर दिया गया था और वे अपने बच्चे के साथ कई दिनों से घर के बाहर रह रहे थे। मंगलवार को राकेश अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर पहुंचा था। इसी दौरान परिवार के लोगों से उसका विवाद हो गया।
आरोप है कि कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और राकेश के पिता, मां, भाई तथा भाभी ने दंपती के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान दोनों के सड़क पर गिरने की बात भी सामने आई है। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग दंपती के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण: वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार दोपहर निशा अपने पति समेत अन्य ग्रामीणों के साथ इस घटना के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने सड़क से जाम हटा लिया।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज: पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मारपीट की घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने निष्पक्ष जांच की मांग की : मामला सामने आने के बाद महमूदाबाद भाजपा विधायक आशा मौर्य ने भी घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो, तहरीर और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
