बुधवार को घर से निकला अम्बरीष, शुक्रवार को बाराबंकी क्षेत्र नहर में मिला शव, मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

ब्यूरो रिपोर्ट बाराबंकी: जनपद के भगौली क्षेत्र में शारदा नहर किनारे लावारिस हालत में मिली बाइक के बाद लापता हुए महमूदाबाद क्षेत्र के युवक अम्बरीष मौर्या  का शव शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कतूरी और बाबा कुटी के बीच स्थित माइनर से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अम्बरीष कुमार मौर्या पुत्र स्व. कौशल मौर्या उम्र करीब 30 वर्ष निवासी ग्राम मरहमत नगर, थाना महमूदाबाद, सीतापुर बुधवार को अपने घर से निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। भगौली क्षेत्र में शारदा नहर किनारे उसकी बाइक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के नंबर के आधार पर जांच शुरू की। बाइक अम्बरीष के नाम दर्ज होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अम्बरीष की तलाश शुरू की। बाइक नहर किनारे मिलने के कारण उसके नहर में गिरने या छलांग लगाने की आशंका जताई गई। पुलिस और परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश जारी रखी। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कतूरी और बाबा कुटी के बीच माइनर में अम्बरीष का शव बरामद हो गया।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया: अम्बरीष की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के दो बच्चे हैं, जिनमें करीब चार वर्षीय पुत्र ब्रजेश कुमार और छह वर्षीय पुत्री काव्या शामिल हैं। पिता की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ और हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार के सामने बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

घटना की जानकारी पर पहुंचीं विधायक: युवक का शव मिलने की जानकारी के बाद भाजपा विधायक आशा मौर्य भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने परिवार की स्थिति को देखते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस :
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अम्बरीष की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *