जवाहर लाल नेहरू पॉलीटेक्निक में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर:  महमूदाबाद में जवाहर लाल नेहरू पॉलीटेक्निक, महमूदाबाद में गुरुवार को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई यात्रा में संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों के देशभक्ति नारों से पूरा नगर राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ संस्थान के प्रधानाचार्य सी.पी. त्रिपाठी के नेतृत्व में हुआ। प्रधानाचार्य ने स्वयं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं के साथ पैदल मार्च किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे।

यात्रा पॉलीटेक्निक परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कोतवाली और रामकुंड चौराहा पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए लोगों को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, सद्भाव और देशप्रेम का संदेश दिया। इसके बाद तिरंगा यात्रा पुनः पॉलीटेक्निक परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। विद्यार्थियों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति नारों ने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सी.पी. त्रिपाठी के साथ चंद्रभान, अजय सिंह, ज्योति कुमार, विजय शंकर, अपेक्षित राज, मेराज फातिमा, अंजुम फातिमा, असरा रिजवी, रेशमा, किरण, कमल वर्मा, ब्रज भूषण पांडेय, विनोद मिश्रा, मामून आलम, वेद श्रीवास्तव, हशमत अली, अंगद त्रिपाठी, राम नारायण, ज्योति वर्मा, धर्मेंद्र सिंह और प्रदीप सिंह समेत संस्थान के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने तथा देशहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *