शिक्षामित्र पर RTE फंड में अनियमितता के आरोप, BSA ने गठित की दो सदस्यीय जांच समिति, आरोपों की पुष्टि अभी नहीं

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : विकास खंड सिधौली के प्राथमिक विद्यालय जजौर में तैनात शिक्षामित्र सुमित तिवारी तथा उनके पति हरीश कुमार तिवारी, जो आदर्श प्राथमिक विद्यालय गढ़ी के प्रबंधक/प्रधान अध्यापक बताए जा रहे हैं, के खिलाफ निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत बच्चों को मिलने वाली धनराशि में कथित वित्तीय अनियमितता, पद के दुरुपयोग एवं हितों के टकराव से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

इस संबंध में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्यारे लाल एवं अन्य ग्रामीणों की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन को शिकायत भेजे जाने की बात सामने आई है। शिकायत में वर्ष 2017-18 से 2025-26 के बीच RTE के अंतर्गत बच्चों को मिलने वाली सहायता/छात्रवृत्ति राशि में करीब 3.20 लाख रुपये की कथित अनियमितता का आरोप लगाया गया है।

व्यक्तिगत खातों के इस्तेमाल का आरोप : शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अलग-अलग बच्चों के प्रवेश एवं RTE से संबंधित सहायता राशि के मामलों में शिक्षामित्र एवं विद्यालय प्रबंधन से जुड़े लोगों के व्यक्तिगत बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में SBI, यूनियन बैंक और इंडियन बैंक के खातों का भी उल्लेख किए जाने की बात कही गई है।

इसके अलावा शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत रहते हुए विद्यालय प्रबंध समिति में विभिन्न पदों पर बने रहने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने इसे विभागीय नियमों के विपरीत बताते हुए जांच की मांग की है।

कथित बैकडेटेड त्यागपत्र का भी आरोप : मामले में खंड शिक्षा अधिकारी सिधौली कार्यालय की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब में 30 जून 2026 की तारीख का त्यागपत्र प्रस्तुत किए जाने को लेकर भी शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं। शिकायत में इसे कथित रूप से बैकडेटेड त्यागपत्र बताते हुए पूरे मामले की जांच और अभिलेखों की सत्यता की जांच कराने की मांग की गई है।

BSA ने गठित की दो सदस्यीय जांच समिति : मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सीतापुर डॉ. गोरखनाथ पटेल द्वारा पत्रांक बेसिक/7539-42/2026-27, दिनांक 06 अगस्त 2026 के माध्यम से दो सदस्यीय जांच समिति गठित किए जाने की जानकारी है।

जांच समिति में रमाकान्त मौर्य, खंड शिक्षा अधिकारी हरगांव तथा सिमी निगार, खंड शिक्षा अधिकारी गोदलामऊ को शामिल किया गया है। समिति को शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच करते हुए निर्धारित अवधि में साक्ष्यों सहित स्पष्ट तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विभागीय अथवा कानूनी कार्रवाई की जा सके।

पांच दिन में जांच के निर्देश, अब तक जांच पूरी न होने का दावा : शिकायतकर्ताओं का कहना है कि 06 अगस्त 2026 के आदेश के क्रम में जांच समिति को पांच दिनों के भीतर जांच पूरी कर आख्या प्रस्तुत करनी थी, लेकिन उनके अनुसार निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी है।

शिकायतकर्ताओं की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात पटल सहायक हर्षित मिश्रा पर भी आख्या में बार-बार बदलाव कर शिकायत को दबाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित कर्मचारी का पक्ष इस खबर के लिए प्राप्त नहीं हो पाया है।

जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति : यह पूरा मामला फिलहाल शिकायत और लगाए गए आरोपों के स्तर पर है। समाचार पत्र में प्रकाशित आरोपों की पुष्टि नहीं की जाती है। RTE की धनराशि, बैंक खातों, विद्यालय प्रबंधन से जुड़े पदों, त्यागपत्र तथा कार्यालयीय अभिलेखों की वास्तविक स्थिति जांच समिति की स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जांच समिति की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह निर्धारित हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोप तथ्यात्मक रूप से सही हैं अथवा नहीं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय अथवा कानूनी कार्रवाई हो सकती है, जबकि आरोप निराधार पाए जाने की स्थिति में वास्तविक तथ्य भी सामने आ जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *