सीएचसी रामपुर मथुरा में अचानक लगी आग, मरीजों और तीमारदारों में मची अफरा-तफरी , टला गया एक बड़ा हादसा

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी ) में गुरुवार को अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और बिजली उपकरणों से निकल रही पटाखे जैसी आवाजें सुनकर मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। आनन-फानन में लोग अस्पताल से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल के बिजली घर में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बिजली उपकरणों से धुआं निकलने लगा और आग की लपटें उठने लगीं। इसी दौरान उपकरणों से तेज आवाजें आने लगीं, जिससे अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कर्मचारियों ने सिलेंडर की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आग को अस्पताल के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।

आग की इस घटना में बिजली घर में लगे उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी मरीज, तीमारदार या अस्पताल कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने के बाद काफी देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद आग लगने के वास्तविक कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पाए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *