ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद के पैंतेपुर शारद नहर पुल पर बुधवार सुबह एक ई-रिक्शा लावारिस हालत में खड़ा मिलने के बाद उसके चालक के नहर में कूदने की आशंका से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। गुरुवार सुबह से नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।
जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद कस्बे के मोहल्ला बेलदारी टोला निवासी हबीब पुत्र जमील बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपना ई-रिक्शा लेकर पैंतेपुर पुल पहुंचा था। कुछ देर बाद पुल पर उसका ई-रिक्शा खड़ा मिला, जबकि हबीब वहां मौजूद नहीं था। ई-रिक्शा लावारिस हालत में मिलने के बाद उसके नहर में कूदने की आशंका जताई गई।
आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पैंतेपुर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने युवक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही उसकी तलाश शुरू कराई।
गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया। टीम द्वारा लगातार नहर में युवक की तलाश की जा रही है। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद खबर लिखे जाने तक हबीब का कोई पता नहीं चल सका था।
थाना महमूदाबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी पैंतेपुर चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, हबीब के लापता होने की जानकारी के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं, एसडीआरएफ की टीम नहर में लगातार सर्च अभियान चलाकर युवक की तलाश में जुटी हुई है।
