ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार देर रात एक निजी बार के सामने झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली महमूदाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
शुरुआती दौर में युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पुलिस की जांच और पहचान के प्रयासों के बाद मृतक की शिनाख्त थाना बड्डूपुर क्षेत्र निवासी सूरज पुत्र संजय (32) के रूप में हुई। पहचान की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन कोतवाली महमूदाबाद पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, सूरज किराना स्टोर चलाता था। बताया गया कि वह महमूदाबाद बस से दुकान के लिए सामान खरीदने आया था। इसके बाद उसका शव रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में मिला। परिजनों ने बताया कि सूरज की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सूरज कभी-कभी कई दिनों तक घर से बाहर रहता था। आसपास के लोगों ने उसके शराब का सेवन करने की बात भी बताई है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर फिलहाल परिजनों की ओर से किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
