ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकासखंड पहला क्षेत्र की ग्राम पंचायत फिरोजपुर के राजस्व गांव बेहटी मानशाह में महमूदाबाद-सिधौली मुख्य मार्ग के मोड़ के पास विद्युत विभाग की लापरवाही से बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए यह स्थिति परेशानी और हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार, मार्ग के किनारे विद्युत पोल पहले से लगे हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद बिजली के तार पोल से व्यवस्थित रूप से जुड़े नहीं हैं और काफी नीचे तक लटक रहे हैं। मुख्य मार्ग पर वाहनों और लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में लटकते तारों से किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीण हंसराज, दिनेश, मायाराम, धर्मेंद्र, पवन और रामचंद्र आदि ने विद्युत विभाग से मामले का संज्ञान लेकर मुख्य मार्ग पर लटक रहे बिजली के तारों को पोल से व्यवस्थित रूप से जोड़ने और उन्हें उचित ऊंचाई पर करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते विद्युत तारों को ठीक नहीं कराया गया तो किसी बड़े हादसे की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द मौके पर निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
