ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर की बेटी शिवानी मेहरोत्रा ने अपने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने रूस की 5,642 मीटर ऊंची माउंट एल्ब्रस की दुर्गम चोटी पर तिरंगा फहराकर देश, प्रदेश और सीतापुर का गौरव बढ़ाया।
शिवानी की यह उपलब्धि महज एक पर्वतारोहण अभियान नहीं, बल्कि साहस, संघर्ष और मजबूत इच्छाशक्ति की मिसाल है। कठिन परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण रास्तों को पार करते हुए उन्होंने माउंट एल्ब्रस की चोटी पर पहुंचकर तिरंगा लहराया।
उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मजबूत हौसले और दृढ़ संकल्प के सामने बड़ी से बड़ी चुनौती भी छोटी पड़ जाती है। शिवानी की उपलब्धि विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है।
शिवानी मेहरोत्रा की इस गौरवपूर्ण सफलता पर सीतापुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने जिले का मान बढ़ाने के साथ ही देश का तिरंगा दुनिया की ऊंची चोटियों में से एक पर शान से लहराया है। स्थानीय लोगों ने शिवानी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
