महादेव मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर बना गड्ढा दे रहा हादसों को न्योता, जिम्मेदार बेखबर , गड्ढा की शीघ्र मरम्मत कार्य की मांग

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना रामपुर कलां क्षेत्र के कंडौरा गांव के पास स्थित महादेव मंदिर के समीप महमूदाबाद-सिधौली मुख्य मार्ग के किनारे काफी समय से बना गहरा गड्ढा राहगीरों और ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क किनारे बने इस गड्ढे के कारण किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है। इतना ही नहीं, गड्ढे की समस्या को लेकर खबरें भी प्रमुखता से प्रकाशित की गईं, लेकिन इसके बावजूद अब तक जिम्मेदारों की ओर से इसकी मरम्मत या स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीण मो. अजीम, मो. आमीन, मो. मुरसलीन, मो. सुहैल, मो. अजीज समेत अन्य लोगों ने बताया कि महमूदाबाद-सिधौली मुख्य मार्ग पर आवागमन लगातार बना रहता है। महादेव मंदिर के पास स्थित गड्ढा विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने पर हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि जनहित को देखते हुए मौके का निरीक्षण कराकर गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को किसी संभावित दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

ग्रामीणों का कहना है कि हादसा होने का इंतजार करने के बजाय जिम्मेदार विभाग को समय रहते इस समस्या का समाधान करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *