ब्यूरो रिपोर्ट , सीतापुर: महमूदाबाद कोतवाली में शुक्रवार को एक ऐसा पारिवारिक मामला सामने आया, जिसने पुलिस के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी हैरान कर दिया। पति-पत्नी और एक युवक के बीच रिश्ते को लेकर कोतवाली में काफी देर तक बातचीत, नोकझोंक और समझौते का प्रयास चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, शुभम वर्मा की शादी अंजू से हुई है और दोनों के दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि अंजू अपने पति शुभम के साथ-साथ नितिन विश्वकर्मा के साथ भी रहने की बात पर अड़ी हुई है। वहीं शुभम का कहना है कि वह पत्नी अंजू और नितिन, दोनों के साथ रहने के लिए तैयार है।
शुभम के मुताबिक, नितिन पहले से ही उसके घर आता-जाता था और कई बार रुकता भी था। वह नितिन को अपना भाई मानने की बात कहता है। बताया गया कि दोनों के साथ बैठकर खाना खाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्यों को यह व्यवस्था मंजूर नहीं है और वे इसका विरोध कर रहे हैं।
मामले के दौरान शुभम ने कथित तौर पर कहा कि वह पत्नी और नितिन का साथ नहीं छोड़ेगा, चाहे इसके लिए उसे अपना घर ही क्यों न छोड़ना पड़े। वहीं अंजू भी अपने रुख पर कायम रही और दोनों के साथ रहने की बात कहती रही।
मामला बढ़ने पर तीनों कोतवाली पहुंचे, जहां प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने सभी पक्षों को समझाने और विवाद का समाधान कराने का प्रयास किया। पुलिस ने आपसी सहमति से मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल तीनों पक्षों के बीच कोई स्पष्ट सहमति नहीं बन सकी।
फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस पूरे प्रकरण में सभी पक्षों की बात सुनकर स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास कर रही है।
