ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : तहसील महमूदाबाद में लेखपालों द्वारा अयोध्या के सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप के खिलाफ एंटी करप्शन ऑर्गेनाइजेशन (एसीओ) की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में शनिवार को महमूदाबाद में लेखपाल संघ ने मोर्चा खोल दिया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर लेखपालों ने तहसील मुख्यालय पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया।
धरना-प्रदर्शन के बाद लेखपाल संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संबंधित तहसील के तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से लेखपालों ने एसीओ की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग: महमूदाबाद उपशाखा लेखपाल संघ ने ज्ञापन में कहा कि अयोध्या के सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप के मामले में हुई कार्रवाई को लेकर प्रदेशभर के लेखपालों में आक्रोश है। संघ ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और सीसीटीवी फुटेज को जांच का आधार बनाया जाए। साथ ही जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
‘गलत तरीके से फंसाने’ का लगाया आरोप : लेखपाल संघ के अध्यक्ष रमाकांत रावत ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देश पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथी लेखपाल उत्कर्ष दीप को गलत तरीके से ट्रैप कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसी के विरोध में प्रदेश की विभिन्न तहसीलों में लेखपालों ने समाधान दिवस का बहिष्कार किया है।
तो वहीं संघ के महामंत्री पूर्णेन्द्र प्रकाश ने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके साथी को जबरन रुपये देकर फंसाया गया। उन्होंने इसे अनुचित कार्रवाई बताते हुए कहा कि इससे लेखपाल संवर्ग के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है।
लेखपाल संघ ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
