72 घंटे में चार गुमशुदा बालिकाएं व युवतियां सकुशल बरामद

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र से एक साथ गुम हुई चार बालिकाओं / युवतियों को महमूदाबाद पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए 72 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तलाश के लिए कई टीमें गठित की थीं।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को महमूदाबाद क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि उनके परिवार और पड़ोस की चार बालिकाएं व युवतियां, जिनकी उम्र क्रमशः 14, 15, 16 और 22 वर्ष है, शाम के समय घर से एक साथ निकली थीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

सूचना के आधार पर महमूदाबाद थाने में मु0अ0सं0 334/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने चारों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर सुरागरसी-पतारसी और संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की।

पुलिस टीमों के लगातार प्रयास और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप चारों बालिकाओं व युवतियों को सकुशल बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ और पुलिस के समक्ष दिए गए बयानों के मुताबिक, चारों आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने और पैसे कमाने के उद्देश्य से अपनी इच्छा से घर से निकली थीं।

अब तक की जांच और बयानों में किसी प्रकार के अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और चारों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

सीतापुर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर की गई इस त्वरित कार्रवाई से गुमशुदा चारों बालिकाओं और युवतियों को सकुशल बरामद किया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *