आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग, सवर्ण आर्मी ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन महमूदाबाद उपजिलाधिकारी को सौंपा

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद में सोमवार को सामान्य वर्ग की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सोमवार को सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन महमूदाबाद के उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जातिगत आधार पर आरक्षण व्यवस्था समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

संगठन का कहना है कि देश में लंबे समय से जातिगत आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू है, जबकि सामान्य वर्ग में भी बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार हैं। ऐसे परिवारों को भी उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर सरकारी सुविधाओं और अवसरों में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।

ज्ञापन में एससी/एसटी एक्ट को समाप्त करने अथवा उसमें आवश्यक सुधार किए जाने, यूजीसी रेगुलेशन एक्ट 2026 को वापस लेने तथा सामान्य वर्ग के हितों और समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय सवर्ण आयोग का गठन किए जाने की मांग भी की गई। संगठन ने एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता जताई।

सवर्ण आर्मी के प्रदेश सचिव अमित मिश्रा ने कहा कि संगठन सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के हितों को लेकर अपनी मांगें सरकार तक पहुंचा रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति से मांगों पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की अपील की। साथ ही ज्ञापन देने के दौरान वहां पर महमूदाबाद क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा।

इस दौरान प्रदेश सचिव अमित मिश्रा के साथ हिमांशु सिंह, दुर्गेश शुक्ला, राजीव शुक्ला, अंकित मिश्रा, शिवाकांत मिश्र, हिमांशु शुक्ला, दीपांशु दीक्षित, कपिल, नंद किशोर, अंकित सिंह, आलोक सिंह, राजेंद्र सिंह, रवि सिंह, अजीत सिंह, राजू शुक्ला, आशीष तिवारी, हरिश चन्द्र मिश्र, प्रांजुल मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *