ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: खैराबाद में आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन की मासिक बैठक विशुन नगर चौराहा स्थित कार्यालय परिसर में हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे दिव्यांग जनों और निराश्रित महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान आवास, शौचालय, पेंशन समेत सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
फाउंडेशन की प्रबंधक/सचिव बिन्दू मौर्या ने आरोप लगाया कि खैराबाद विकासखंड में पात्र दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं को आवास व शौचालय योजनाओं का लाभ देने में मनमानी की जा रही है। उनका कहना है कि पूर्व में शिकायतों की जांच का आश्वासन मिलने के करीब तीन माह बाद भी जांच आख्या उपलब्ध नहीं कराई गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई तो फाउंडेशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता खैराबाद ब्लॉक का घेराव कर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव सिंह ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजय पाल समेत संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फाउंडेशन पदाधिकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि समाचार पत्र द्वारा नहीं की गई है। संबंधित अधिकारियों/विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
