ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में स्थित दि किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड के कुछ सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मिल प्रबंधन पर पीएफ की धनराशि और ब्याज के भुगतान में कथित अनियमितता के आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों ने मामले की जांच कराकर पीएफ खातों का पूरा विवरण और बकाया ब्याज उपलब्ध कराने की मांग की है।
सेवानिवृत्त कर्मचारी कमलेश कुमार का दावा है कि पीएफ पर 8.50 प्रतिशत ब्याज देय होने के बावजूद उन्हें कथित रूप से 6 से 7 प्रतिशत की दर से भुगतान किया गया। कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पीएफ खातों की पासबुक नहीं दी गई, जिससे जमा मूलधन और ब्याज की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।
कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर पीएफ खातों का सत्यापन कराने, पूरा लेखा-जोखा उपलब्ध कराने और यदि कोई राशि बकाया है तो उसका भुगतान कराने की मांग की है। साथ ही समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
हालांकि, सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि हमारे समाचार पत्र द्वारा नहीं की गई है। मामले में चीनी मिल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। प्रबंधन का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
