ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : थाना रेउसा क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर प्रधानमंत्री की आपत्तिजनक फोटो और विवादित कैप्शन वाली पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में रेउसा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पोस्ट के कारण जनभावनाएं आहत होने तथा शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को थाना रेउसा पुलिस को फेसबुक पर “प्रेम वाजपेई पत्रकार रेउसा” नामक आईडी से प्रधानमंत्री की एक आपत्तिजनक फोटो, जिसमें माला चढ़ी हुई दिखाई गई थी, विवादित कैप्शन के साथ पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना रेउसा में मु0अ0सं0 382/26 के तहत धारा 352, 353(2), 196(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने मामले में प्रेम बाजपेई पुत्र स्व. पुत्तीलाल बाजपेई, निवासी कस्बा व थाना रेउसा, सीतापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीतापुर पुलिस की आमजनमानस से अपील : सीतापुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट या शेयर न करें। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
