ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: सिधौली नगर में आगामी 13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली सात दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर सिधौली से भाजपा विधायक मनीष रावत ने विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपे और कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इसी क्रम में विधायक मनीष रावत ने सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल से मुलाकात कर उन्हें श्रीराम कथा का आमंत्रण पत्र भेंट किया। इस दौरान कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। विधायक ने कथा स्थल एवं आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सहित आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी पुलिस अधीक्षक से चर्चा की।
इसके बाद विधायक ने सीतापुर के जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. से मुलाकात कर उन्हें भी श्रीराम कथा का आमंत्रण पत्र सौंपा और कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान कथा कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
विधायक ने मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला तथा पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा समेत अन्य गणमान्य लोगों से भी मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र प्रदान किए और सात दिवसीय श्रीराम कथा में शामिल होने का आग्रह किया।
आयोजकों के अनुसार, श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात तथा अन्य आवश्यक इंतजामों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
