सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ, एक माह तक चलेगा अभियान,अभियान में जनप्रतिनिधियों समेत अधिकारी शामिल

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में “सेवा, समर्पण और संकल्प—मिलकर बनाएं विकसित भारत” के संदेश के साथ जन-सेवा एवं सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए गुरुवार को जीआईसी (राजकीय इंटर कॉलेज) मैदान, सीतापुर में सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जेल एवं कारागार मंत्री सुरेश राही, सेउता विधायक ज्ञान तिवारी, जिलाधिकारी सीतापुर डॉ. राजा गणपति आर. तथा पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जनपद के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सेवा, समर्पण और संकल्प के मूल मंत्र पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य जनकल्याण, पारदर्शी प्रशासन, त्वरित न्याय तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है। अभियान के माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी एवं नागरिक केंद्रित सेवाओं से जोड़ने के साथ ही सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन की सुरक्षा, सहायता और न्याय प्रक्रिया को सुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जनपद के सभी थानों एवं पुलिस इकाइयों द्वारा नागरिक केंद्रित सुविधाओं, त्वरित जनसुनवाई और सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष जन-चौपालों का आयोजन किया जाएगा। महिलाओं, बालिकाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके साथ ही डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के लिए आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

साइबर अपराध से संबंधित मामलों में सहायता के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा आपातकालीन सेवा 112 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। पुलिस टीमों द्वारा लोगों को साइबर अपराध से बचने के उपायों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान जनभागीदारी और पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से जनपद में कानून व्यवस्था तथा जनसेवा को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *