मिश्रिख के मेला मैदान में चंद्रशेखर आजाद की जनसभा, सामाजिक न्याय और संगठन को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: जनपद के मिश्रिख में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद शुक्रवार को सीतापुर के मिश्रिख स्थित मेला मैदान पहुंचे। जहां पर आयोजित सामाजिक न्याय प्रचार यात्रा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी रही।

जनसभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक न्याय, महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा तथा अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी। साथ ही कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की।

चंद्रशेखर आजाद के मिश्रिख आगमन को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी की ओर से 18 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर पहले से ही तैयारियां और बैठकें की जा रही थीं।

कार्यक्रम के बाद पार्टी की ओर से जनसभा को सफल बनाने में जुटे सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनसभा में लोगों की सहभागिता और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में ऊर्जा मिलेगी।

आजाद समाज पार्टी की ओर से मिशन-2027 को लेकर उत्तर प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मिश्रिख क्षेत्र में भी पार्टी की ओर से इससे पहले कई सभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *