ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना महमूदाबाद इलाके के गांवों में तालाब (खंती) एवं नहर में डूबने से हुई मौतों के बाद शासन की ओर से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य ने संबंधित पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें चार-चार लाख रुपये की राहत राशि के चेक प्रदान किए। इस दौरान महमूदाबाद उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी भी मौजूद रहे।
राहत राशि वितरण के दौरान पोखरा कला गांव निवासी धैर्य वर्मा पुत्र आशीष वर्मा के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। इसी क्रम में लोनिया पुरवा निवासी अरुणेश पुत्र जयबिन्द के परिजनों को भी चार लाख रुपये का राहत चेक प्रदान किया गया। वहीं लौन गांव निवासी प्रेमचंद पुत्र सुमेरी के परिवार को भी शासन की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक दिया गया।
इस अवसर पर विधायक आशा मौर्य ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हादसे में अपनों को खोने का दुख बेहद पीड़ादायक है। सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि विपरीत परिस्थितियों में उन्हें कुछ राहत मिल सके।
उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी ने भी पीड़ित परिवारों को शासन की ओर से मिलने वाली सहायता एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी दी। प्रशासन की ओर से पात्र परिवारों को नियमानुसार आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
राहत राशि मिलने के दौरान पीड़ित परिवारों ने शासन एवं प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई आर्थिक सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
