प्राथमिक विद्यालय चुनका का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, निरीक्षण में मिलीं खामियां, दिए गए कार्रवाई के दिशा निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकासखंड पहला के प्राथमिक विद्यालय चुनका में बुधवार को जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया।

करीब तीन बजे पहुंचे डीएम ने परिसर, रसोई, अभिलेखों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ब्लॉक पहला के प्राथमिक विद्यालय चुनका की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल : का मामला सामने आने पर डीएम ने उसकी मरम्मत कंपोजिट ग्रांट से कराने के निर्देश दिए। मरम्मत पूरी होने तक प्रधानाध्यापक और सभी शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश भी दिए गए।

और वहीं खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया। डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कड़े निर्देश देते हुए लापरवाही दोहराए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

वीएचएसएनडी सत्र में मिलीं खामियां: निरीक्षण के दौरान विद्यालय में आयोजित वीएचएसएनडी सत्र की भी जांच की गई। गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण से संबंधित रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का अवलोकन करने पर स्थिति संतोषजनक नहीं मिली।

अभिलेखों में गंभीर कमियां मिलने पर डीएम ने एएनएम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकत्री से पुष्टाहार वितरण की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्धारित मानक के अनुसार नियमित वितरण सुनिश्चित करने को कहा और अभिलेखों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

रसोई और मिड-डे मील की जांच : डीएम ने विद्यालय की रसोई पहुंचकर बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी। भोजन संतोषजनक मिलने पर उन्होंने रसोई की साफ-सफाई, बर्तनों, पेयजल व्यवस्था और मिड-डे मील के मेन्यू की जानकारी ली। रसोइयों को स्वच्छता बनाए रखने तथा निर्धारित यूनिफॉर्म में कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा डीएम डॉक्टर राजा गणपति आर ने विद्यालय परिसर में शौचालय, पानी की टंकी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही गांव में सरकारी राशन की दुकान का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. सुखरंजन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *