खेत किनारे हिस्ट्रीशीटर युवक का मिला शव, परिजन हत्या की जता रहे आशंका , घटना की जांच पड़ताल करने में जुटी पुलिस

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र के शेरापुर वार्ड में खेत के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतक की पहचान मोहम्मद शादाब पुत्र शमी अहमद, निवासी रहिलामऊ के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मोहम्मद शादाब महमूदाबाद के वार्ड शेरापुर में किराए के मकान में रहता था और वैगनआर कार चलाने का काम करता था। खेत के किनारे उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को खेत के किनारे फेंके जाने की आशंका है।

और वहीं, मामले में महमूदाबाद क्षेत्राधिकारी कपूर कुमार ने बताया कि मृतक मो. शादाब महमूदाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। क्षेत्राधिकारी के अनुसार, शव के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया अत्यधिक नशे के कारण मृत्यु होने की आशंका जताई गई है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी के अनुसार शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के माध्यम से कराया जाएगा, जिसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। परिवार द्वारा जताई गई हत्या की आशंका की भी पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *