ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में स्थित सेठ राम गुलाम पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज, महमूदाबाद के कक्षा 12 के छात्र सौरभ कुमार ने क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। सौरभ का चयन उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर मंडल स्तरीय विद्यालय क्रिकेट टीम में हुआ है। उनके चयन की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
सौरभ कुमार ने हाल ही में आयोजित जनपद स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। उनके खेल कौशल और प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मंडल स्तरीय टीम के लिए चयनित किया गया।
तो वहीं सौरभ के चयन होने पर सेठ राम गुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, महमूदाबाद के डायरेक्टर इंजीनियर क्षितिज चंद्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्र को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सौरभ का मंडल स्तरीय टीम में चयन विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उनकी उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने सौरभ को आगामी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ ने भी सौरभ की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सौरभ की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ क्षेत्र का नाम भी रोशन हुआ है।
