प्राथमिक विद्यालय पैगंबरपुर में विवाद के बाद हाथापाई का मामला, प्रधानाध्यापिका ने अधिकारियों से की शिकायत

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय पैगंबरपुर में प्रधानाध्यापिका और विद्यालय के कुछ शिक्षकों के बीच विवाद के बाद कथित मारपीट का मामला सामने आया है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका किस्मत द्विवेदी ने घटना को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सीतापुर और खंड शिक्षा अधिकारी महमूदाबाद को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने तथा कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, घटना 23 सितंबर को मध्यावकाश के बाद की बताई गई है। प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि मध्यावकाश के बाद विद्यालय में शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित कराने के लिए उन्होंने स्टाफ को कक्षाओं में जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कुछ शिक्षिकाओं से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और हाथापाई की गई।

प्रधानाध्यापिका के मुताबिक, हाथापाई के दौरान उन्हें खींचकर गिराया गया, जिससे उनके दाहिने हाथ में चोट लगी और खून निकल आया। उन्होंने अपनी शिकायत में मोनिका वर्मा, रूबी, पूजा गुप्ता और निवेदिता सिंह पर मारपीट एवं अनुशासनहीनता के आरोप लगाए हैं।

शिकायत में प्रधानाध्यापिका ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व में भी उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाता रहा है और विद्यालय संचालन को लेकर उन पर दबाव बनाया जाता था। उनके अनुसार, विद्यालय में छात्र संख्या, कक्षाओं के संचालन और कार्यप्रणाली को लेकर स्टाफ के बीच पहले से मतभेद चल रहे थे।

प्रधानाध्यापिका ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। घटना के संबंध में एक अभिभावक एवं कथित प्रत्यक्षदर्शी विमल कुमार का नाम भी शिकायत में सामने आया है।

बताया गया है कि प्रधानाध्यापिका किस्मत द्विवेदी दिव्यांग हैं और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। ऐसे में विद्यालय परिसर में उनके साथ कथित मारपीट का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

हालांकि, समाचार पत्र इस खबर में लगाए गए किसी भी आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। घटना के वास्तविक तथ्यों का पता विभागीय जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में दूसरे पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *