गांधी व शास्त्री जयंती पर पुलिसकर्मियों ने लिया सत्य, सेवा और राष्ट्र प्रथम का संकल्प, जयंती मनाकर लिया गया संकल्प

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद दोनों महापुरुषों को राष्ट्रीय सलामी दी गई। सामूहिक राष्ट्रगान के बाद पुलिसकर्मियों ने रामधुन का सामूहिक गान किया।

इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व कर पूरी दुनिया के सामने एक मिसाल कायम की। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर देश की सेवा और सादगीपूर्ण जीवन का उदाहरण प्रस्तुत किया।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में सत्यनिष्ठा, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा की भावना का विशेष महत्व है। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करते हुए उपहार भी भेंट किए। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अपराध/यातायात धर्मेंद्र कुमार यादव, प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा सहित पुलिस लाइन्स के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जनपद के विभिन्न थानों एवं पुलिस चौकियों में भी पुलिसकर्मियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *