ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद कस्बे के नई बाजार दक्षिणी इलाके में शुक्रवार दोपहर एक फर्नीचर गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते गोदाम से धुएं के साथ तेज लपटें उठने लगीं। आग के बीच मकान की दूसरी मंजिल पर मौजूद चार लोग फंस गए। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने पड़ोसी के मकान की छत पर छलांग लगा दी।
प्राप्त जानकारी अनुसार नई बाजार दक्षिणी में लालता प्रसाद उर्फ ललतू गुप्ता के मकान के प्रथम तल पर श्याम किशोर गुप्ता का फाइबर और लोहे के फर्नीचर का गोदाम संचालित है। शुक्रवार दोपहर अचानक गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में धुआं फैल गया।
आग की लपटों के कारण मकान की दूसरी मंजिल पर मौजूद चार लोग बाहर निकलने में असमर्थ हो गए। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने पड़ोसी के मकान से लगी छत पर कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से छत पर पहुंचे चारों लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद समरसेबल चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। आग बुझने के बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
गोदाम मालिक के अनुसार गोदाम में करीब 15 लाख रुपये कीमत का फर्नीचर एवं अन्य सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आने से जलकर नष्ट हो गया। हालांकि आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
