ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना सदरपुर क्षेत्र में रामपुर मथुरा गोड़ैचा मार्ग पर गोड़ैचा चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर लकड़ी मंडी में ट्रकों की लोडिंग-अनलोडिंग के चलते जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर भारी वाहनों के खड़े होने से मार्ग संकरा हो गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसी दौरान सेवता विधायक ज्ञान तिवारी भी जाम में फंस गए।
बताया गया कि लकड़ी मंडी में लकड़ी की खरीद-बिक्री के साथ ट्रकों से लगातार लोडिंग-अनलोडिंग होती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान कई ट्रक सड़क के बड़े हिस्से में खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन के लिए जगह कम पड़ जाती है और जाम की स्थिति पैदा होती है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जाम में फंसने के बाद विधायक ज्ञान तिवारी कार से उतरे और महमूदाबाद एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी को फोन कर मौके की स्थिति से अवगत कराया। एसडीएम ने सदरपुर थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी गोड़ैचा के चौकी प्रभारी अनिल कुमार सिंह को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और सड़क पर खड़े वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर खड़े ट्रकों समेत कई वाहनों के खिलाफ सीज करने की कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराने का प्रयास किया गया।
और वहीं स्कूल आने जाने वाले बच्चों को भी परेशानी : स्थानीय लोगों के मुताबिक लकड़ी मंडी के आसपास दो विद्यालय भी संचालित हैं। सड़क के किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि बच्चों और अन्य राहगीरों को कई बार खड़े वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। साथ ही स्थानीय लोगों ने मंडी में लकड़ी के कथित प्रतिबंधित कारोबार को लेकर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
विधायक बोले- आमजन की समस्या कहीं भी हो, आवाज उठाना दायित्व : विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि यह क्षेत्र उनकी विधानसभा के अंतर्गत नहीं आता, लेकिन आमजन की समस्या किसी भी क्षेत्र में हो, उसके समाधान के लिए आवाज उठाना जनप्रतिनिधि का दायित्व है।
वहीं, महमूदाबाद वन रेंजर जावेद सिद्दीकी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि रामपुर मथुरा क्षेत्र में आमजन की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर हाल में भी प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां सामने आई हैं। 2 अक्टूबर को रामपुर मथुरा में बंद पड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर को अस्थायी बस स्टॉप के लिए तैयार करने की कार्रवाई की खबर भी सामने आई है।
