ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में कानून- व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध नियंत्रण में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के लिए मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन सीतापुर में “ग्राम सुरक्षा में योगदान, ग्राम प्रहरियों का सम्मान” कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थानों में तैनात ग्राम प्रहरियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मंत्री राकेश राठौर गुरु, मंत्री सुरेश राही, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि और पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी गई। इस पहल को ग्राम प्रहरियों के कल्याण, उनके मनोबल में वृद्धि और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
इस अवसर पर मंत्री राकेश राठौर गुरु और मंत्री सुरेश राही ने ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम प्रहरी गांवों में पुलिस की आंख और कान के रूप में काम करते हैं। उनके द्वारा समय पर दी जाने वाली सूचनाएं और जमीनी स्तर पर बरती जाने वाली सतर्कता अपराधों की रोकथाम तथा बड़ी घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीण जनता के बीच एक अहम कड़ी हैं। वे अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, अपराधों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस तक पहुंचाते हैं। उनकी सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में शांति बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने में पुलिस को सहयोग मिलता है।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम प्रहरियों को उनके कर्तव्यों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था में उनकी भागीदारी को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही शासन की ओर से संचालित विभिन्न सुरक्षा योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
