ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद में अंतरराष्ट्रीय रामकथा वाचक शांतनु महाराज ने युवाओं से भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। ऐसे में उन्हें अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
शांतनु महाराज रविवार को महमूदाबाद स्थित मां संकटा देवी मंदिर के विशाल सत्संग भवन में आयोजित कार्यक्रम में ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जेन-जेड के नाम पर देश की सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों को प्रभावित करने वाले प्रयासों के प्रति युवाओं को सजग रहने की आवश्यकता है। आधुनिकता को अपनाते हुए भी अपनी सांस्कृतिक पहचान और नैतिक मूल्यों को बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जीवन में अनुकूल और प्रतिकूल परिस्थितियां आती-जाती रहती हैं। अनुकूल समय में प्रसन्न होना और विपरीत परिस्थितियों में निराश होकर अवसाद में चले जाना उचित नहीं है। व्यक्ति को हर परिस्थिति में धैर्य, संयम और सकारात्मक सोच बनाए रखनी चाहिए। प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अनुकूलता खोजने का प्रयास करना चाहिए। भगवान श्रीराम का जीवन हमें धैर्य, त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की प्रेरणा देता है।
समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी : शांतनु महाराज ने युवाओं को समय का महत्व समझाते हुए कहा कि समय का सदुपयोग ही व्यक्ति की सफलता और असफलता निर्धारित करता है। युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक विचारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। जब युवा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे, तभी समाज और राष्ट्र मजबूत बनेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारतीय संस्कृति और संस्कारों की परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की।
माल्यार्पण कर किया गया स्वागत: कार्यक्रम में पहुंचे शांतनु महाराज का मां संकटा देवी धाम समिति के अध्यक्ष रमेश वाजपेयी, विधायक आशा मौर्या, डिप्टी चेयरमैन आंजनेय आशीष और वागीश दिनकर ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अभिषेक, जिला संघचालक राजा राम, जिला कार्यवाह देवेंद्र सिंह, नगर कार्यवाह आशाराम, जिला प्रचारक सुरेंद्र, सह जिला प्रचारक विकल्प, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्त, अतुल वर्मा, ज्ञानेश मिश्र, प्रदीप गुप्ता, केके सिंह, शिवम गुप्त, शिवदास गुप्ता और कमलेश राजपूत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
