ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय दिव्यांग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 18 अक्टूबर 2026 को रायसेनपुर नहरवल रोड पर कृष्णा नगर मोड़ तिराहे के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी मुलायम सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। मामले में थाना रामपुर मथुरा में मुकदमा अपराध संख्या 247/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 137(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी और उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में रामपुर मथुरा थाना पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी मुलायम सिंह पुत्र हरिनाम, निवासी बगिया मझारी, थाना मोहम्मदपुर खाला, जनपद बाराबंकी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मौके से अवैध तमंचा और कारतूसों के साथ घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस: पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बालिकाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने पर पुलिस ने जोर दिया है।
