सीतापुर: विधानसभा 151 महमूदाबाद क्षेत्र के अंतर्गत मदारपुर के भाग संख्या 69 (मतदान केंद्र) के बी.एल.ओ एवं रोजगार सेवक ग्राम पंचायत सोहरिया में कार्यरत सर्वजीत को उनके उत्कृष्ट व सराहनीय कार्यों के लिए सोमवार को सम्मानित किया गया। तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी महमूदाबाद बाल कृष्ण सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं ₹5051 की सम्मान राशि प्रदान की।
बी.एल.ओ सर्वजीत ने एस आई आर कार्य सहित मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए, जिसकी सराहना प्रशासन स्तर पर भी की गई। उनके कार्यों ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सम्मान समारोह के बाद रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष अवीनाश वर्मा ने भी ब्लॉक महमूदाबाद कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सर्वजीत को फूल-माला पहनाकर अतिरिक्त रूप से सम्मानित किया। संगठन ने उनके कार्य को पूरे विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
स्थानीय प्रशासन और संगठन दोनों से मिले इस सम्मान के बाद क्षेत्र में हर्ष का माहौल रहा। सर्वजीत ने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा देगा।
