महमूदाबाद में सिंचाई विभाग की लापरवाही से टूटी माइनर पटरी, बाजार में फैला पानी, किसान व आमजन परेशान

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र अंतर्गत बरदही बाजार स्थित सहजानी वार्ड के पास से गुजरने वाली छोटी माइनर (नहर) लंबे समय से सूखी पड़ी थी। किसानों की फसलों की सिंचाई को लेकर स्थानीय अखबारों द्वारा लगातार  ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी-बड़ी नहरों व माइनरों में पानी छोड़े जाने की मांग उठाई जा रही थी। दबाव के बाद संबंधित विभाग ने माइनर में पानी तो छोड़ दिया, लेकिन बिना मरम्मत और निरीक्षण के पानी छोड़े जाने से गंभीर समस्या खड़ी हो गई।

बताया जा रहा है कि अधिक मात्रा में पानी आने से पहले से जर्जर माइनर की पटरी कट गई, जिससे नहर का पानी बरदही बाजार क्षेत्र में फैल गया। इसके चलते पूरे इलाके में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बाजार में पानी भर जाने से राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रह रहे झुग्गी-झोपड़ी निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सिंचाई विभाग की घोर लापरवाही के चलते यह स्थिति बनी है। यदि समय रहते माइनर की पटरी की मरम्मत कराई जाती और पानी छोड़ने से पहले तकनीकी जांच होती, तो यह समस्या उत्पन्न नहीं होती। जलभराव के कारण बाजार में आवागमन बाधित हो गया है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

किसानों का कहना है कि सिंचाई के लिए पानी आवश्यक है, लेकिन कमजोर और क्षतिग्रस्त माइनरों में बिना तैयारी पानी छोड़ना न तो किसानों के हित में है और न ही आम जनता के लिए सुरक्षित। उन्होंने मांग की है कि माइनर की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और भविष्य में ऐसी लापरवाही करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर किसानों और आम नागरिकों को जलभराव से राहत दिलाता है। साथ ही लालापुर माइनर , कोरार माइनर, सिरौली माइनर , फिरोजपुर माइनर इत्यादि माइनरों में अभी भी पानी नहीं आया है, जिसकी जांच पड़ताल कर इन सभी माइनरों में भी पानी छोड़कर किसानों के फसलों की सिंचाई में सहयोग करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *