लखीमपुर खीरी: घने कोहरे में बड़ा सड़क हादसा, खाई में पलटी गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली

ब्यूरो रिपोर्ट लखीमपुर खीरी :  जनपद में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नीमगांव–बेहजम मार्ग पर मलिकपुर गांव के पास गन्ने से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसा सुबह करीब सात बजे घने कोहरे के दौरान हुआ, जिसमें ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरलोड थी और तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी दौरान सड़क पर मिट्टी की फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बताया जा रहा है कि यह फिसलन अवैध खनन माफिया द्वारा सड़क पर गिराई गई मिट्टी और कोहरे की नमी के चलते और अधिक बढ़ गई थी, जो हादसे का प्रमुख कारण बनी।

हादसे में घायल ट्रैक्टर चालक की पहचान नीमगांव थाना क्षेत्र के भादुरी ग्राम पंचायत निवासी बहादुर के रूप में हुई है। वह अपने गांव हरैया से गन्ना लेकर परसेहरा क्रेशर जा रहा था। मलिकपुर गांव के पास मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।

घटना की सूचना पर नीमगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष प्रवीर कुमार गौतम ने बताया कि चालक को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं और उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। उन्होंने कहा कि जिले में ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं, यह घटना भी उसी का परिणाम है।

पुलिस ने वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और लोगों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोड वाहनों का प्रयोग न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *