चलती कार बनी आग का गोला, सड़क पर राहगीरों में मचा हड़कंप

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र के  भरथर इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती XUV 300 कार अचानक आग का गोला बन गई। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर बहादुर सिंह पुत्र राजकुमार सिंह निवासी अरसेना मजरा भरथर, पोस्ट बलोइया, थाना व तहसील महमूदाबाद, शुक्रवार रात लगभग 10:30 बजे अपने घर से खेत देखने जा रहे थे। जैसे ही वह अपने खेत की मेड़ के पास पहुंचे, तभी कार संख्या UP32 MW 5812 के इंजन हिस्से से बोनट के अंदर से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और अपने साथियों के साथ बाहर निकल आया।

कुछ ही पलों में कार में तेज आग लग गई और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता देखकर गांव के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक XUV 300 कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते चालक और उसके साथी सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद ग्रामीणों में कुछ देर तक भय और चर्चा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *