ब्यूरो रिपोर्ट,लखनऊ : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का लोकार्पण किया। पीएम मोदी राजधानी पहुंचकर जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित किया गया है। यहां तीनों महान नेताओं की 65-65 फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। परिसर के मध्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा है, जबकि दोनों ओर अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
करीब 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके निर्माण की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी और लगभग तीन वर्षों में यह भव्य परियोजना पूर्ण हुई। लोकार्पण कार्यक्रम में प्रदेश के 25 जिलों से करीब दो लाख लोगों को आमंत्रित किया गया था, जिनके आवागमन के लिए 3,500 से अधिक बसों की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था में 18 आईपीएस अधिकारी, 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी, एनएसजी, एटीएस और बम निरोधक दस्ते तैनात रहे। तो वहीं पूरे कार्यक्रम क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई।
